नीरज कुमार सिंह
बिहार न्यूज लाइव@गोपालगंज
जिले अंतर्गत बैकुंठपुर थाने के एकडेरवां गांव में रविवार की सुबह जब लोगों की आंख खुली तो हत्या की मनहूस खबर मिली। इससे एक तरफ जहां छठ महापर्व की खुशियां गम में तब्दील हो गई। वहीं मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। रविवार का दिन एकडेरवा गांव के लोगों के लिए ब्लैक संडे साबित हुआ। मृतक राम सिंह अपने परिवार में होनहार युवक था। जो सेना भर्ती परीक्षा की तैयारी कर परिवार की खर्च उठाने का कमान संभालने वाला था। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और उसकी हत्या कर दी गई। हत्या से आहत युवक की मां उमा देवी, पिता किशोरी सिंह, भाई लक्ष्मण कुमार, संजय कुमार, डिस्को कुमार, बहन किरण देवी सहित अन्य परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे। होनहार भाई की हत्या का गम अन्य भाइयों को था। मां उमा देवी बेटे के शव के समीप बिलख-बिलख कर रो रही थी। बचपन से ही मिलनसार स्वभाव का राम कुमार सिंह पूरे गांव के लिए चहेता था। उसकी हत्या की खबर मिलते ही रविवार को कई घरों में चूल्हे तक नहीं चल सके।
डॉग स्क्वायड की टीम ने की घंटों जांच
ग्रामीणों की मांग पर रविवार की दोपहर छपरा से पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने राम कुमार सिंह हत्याकांड की घंटों जांच की डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने स्टेट हाईवे-90 पर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर के दायरे में कई अन्य सुराग के बारे में भी छानबीन की। इस दौरान घटनास्थल पर पड़े जूते के सहारे जांच की गई। थानाध्यक्ष अमितेश कुमार ने बताया कि वैसे परिजनों द्वारा अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही तत्काल मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
Related Posts
Comments are closed.